बलौदाबाजार। जिला चिकित्सालय में रात्रि ड्यूटी के दौरान एक स्वास्थ्यकर्मी के कथित तौर पर नशे की हालत में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में मौजूद एक मरीज के परिजन ने कर्मचारी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
वायरल वीडियो के बाद जिला अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वीडियो में दिखाई दे रहे कर्मचारी की पहचान और घटना की परिस्थितियों की पुष्टि की जा रही है। सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि घटना बीती रात की है। उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है और उसके निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेश अवस्थी ने कहा कि यह मामला जिला चिकित्सालय का है और सिविल सर्जन इसकी कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जांच समिति बनाकर पूरे मामले की जांच की जाए। यदि जांच में यह सामने आता है कि संबंधित कर्मचारी ड्यूटी के दौरान आदतन शराब के नशे में आता है, तो उसके खिलाफ बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जाएगी।
