कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे दो वर्षीय मासूम का शव मिलने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान केशव के रूप में हुई है, जो गुरुवार से लापता था।
जानकारी के अनुसार, रामपुर बस्ती निवासी दिनेश कुमार अपनी पत्नी और बेटे केशव के साथ मजदूरी के लिए लालघाट गए थे। नाला पार करने के बाद परिवार डेंगूनाला के पास एक पेड़ के नीचे रुका। इस दौरान पिता आगे निकल गए, जबकि मां पेड़ के नीचे बैठकर बच्चे को दूध पिला रही थी। इसी बीच मां की आंख लग गई। जब वह जागी तो मासूम वहां नहीं था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान केशव के रूप में की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक आशंका है कि मां के सो जाने के दौरान मासूम खेलते-खेलते नाले में चला गया, जिससे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
