मैचों के लिए टिकटों की बिक्री 12 अक्टूबर से शुरू
रायपुर। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का रोमांच देखने को मिलेगा। नया रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। रायपुर के एक निजी होटल में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने बताया कि यह सीरीज 16, 18 और 20 अक्टूबर को खेली जाएगी।
तीनों मुकाबले शाम 7 बजे से शुरू होंगे। इन मैचों के लिए टिकटों की बिक्री 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे से शुरू होगी। इस बार टिकट व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल रहेगी। दर्शकों को फिजिकल टिकट नहीं लेना होगा। ऑनलाइन बुक किए गए टिकट के क्यूआर कोड को स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर स्कैन कराने पर एंट्री मिलेगी। एक व्यक्ति एक आईडी से अधिकतम 6 टिकट बुक कर सकेगा। सबसे कम दर 250 रुपए होने से आम दर्शक भी स्टेडियम में मैच का लुत्फ उठा सकेंगे।
टिकट दरें: आयोजकों ने टिकटों की 8 श्रेणियां बनाई हैं।
- लोअर स्टैंड (स्टैंड नं. 2 से 9): 250 रुपये
- दो टिकटों का कॉम्बो: 350 रुपये
- तीनों मैचों का सीरीज टिकट: 499 रुपये
- सिल्वर: 2,000 रुपये
- गोल्ड: 2,500 रुपये
- प्लैटिनम: 3,500 रुपये
- सिंगल कॉर्पोरेट टिकट: 3,500 रुपये
- कॉर्पोरेट बॉक्स: 70,000 रुपये
एनजीटी प्रकरण में मिली क्लीयरेंस:
स्टेडियम में ग्राउंड वाटर के उपयोग को लेकर चल रहे एनजीटी प्रकरण में कोर्ट से क्लीयरेंस मिल गई है। प्रबंधन ने स्टेडियम में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित किया है और पानी के उपयोग पर निगरानी के लिए फ्लो मीटर भी लगाया गया है, जिससे जल उपयोग की सटीक मात्रा का पता चल सकेगा।

