छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन झमाझम बारिश का अलर्ट: रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, जानें आज का मौसम

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अब तक प्रदेश में औसत मौसमी वर्षा सामान्य से 17 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

आज रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरिया, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव और कांकेर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 9.6 किलोमीटर तक फैला हुआ है। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्व बांग्लादेश तक सक्रिय मानसूनी द्रोणिका और उत्तर-पूर्व अरब सागर से सिक्किम तक फैला ट्रफ प्रदेश में नमी पहुंचा रहा है, जिससे अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।