नई दिल्ली। देशभर में बढ़ती महंगाई का असर अब सीधे लोगों की रसोई पर दिखाई देने लगा है। जून 2026 में घर पर तैयार होने वाली वेज और नॉनवेज दोनों तरह की थालियों की लागत में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। क्रिसिल की मासिक रिपोर्ट के मुताबिक, सब्जियों, खाद्य तेल, एलपीजी और चिकन की कीमतों में उछाल के कारण खाने का खर्च बढ़ गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, जून में वेज थाली की औसत लागत सालाना आधार पर करीब 5% बढ़ी, जबकि नॉनवेज थाली लगभग 6% महंगी हुई। मई की तुलना में भी दोनों प्रकार की थालियों की कीमतों में इजाफा देखा गया। टमाटर, प्याज और आलू के बढ़ते दामों ने घरेलू बजट पर दबाव बढ़ाया है। टमाटर की कीमतों में तेज बढ़ोतरी ने सबसे ज्यादा असर डाला है। मौसम संबंधी चुनौतियों और सप्लाई में कमी के कारण इसकी कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। वहीं, चिकन की सीमित उपलब्धता और उत्पादन में कमी से नॉनवेज थाली की लागत बढ़ी है।
रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि, आने वाले महीनों में दालों की कीमतों में तेजी आ सकती है। खराब मौसम और कम स्टॉक के कारण उड़द और मूंग जैसी दालों की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, सितंबर के बाद खरीफ फसलों की नई आवक शुरू होने पर सब्जियों की कीमतों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है। फिलहाल महंगाई के दबाव के चलते आम परिवारों का रसोई बजट बढ़ता नजर आ रहा है।
