मुंबई। सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। घरेलू वायदा बाजार से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला। बुधवार की तेज गिरावट के बाद गुरुवार सुबह भी बुलियन मार्केट में कमजोरी बनी रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने की कीमत नरम होकर करीब 1.43 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करती नजर आई, जबकि चांदी का भाव गिरकर लगभग 2.21 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता का असर कीमती धातुओं पर पड़ा है।
आमतौर पर संकट के समय सोने को सुरक्षित निवेश माना जाता है, लेकिन इस बार बढ़ती महंगाई और संभावित ऊंची ब्याज दरों की आशंका के चलते निवेशकों का रुख प्रभावित हुआ है। अमेरिका में महंगाई बढ़ने की संभावना से डॉलर और बॉन्ड बाजार में हलचल बढ़ी है, जिसका असर सोने-चांदी की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। देश के अलग-अलग शहरों में सोने के दामों में मामूली अंतर देखने को मिला। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और अहमदाबाद जैसे प्रमुख शहरों में 24 कैरेट और 22 कैरेट गोल्ड की कीमतें अलग-अलग स्तर पर रहीं। विशेषज्ञों का कहना है कि, आने वाले दिनों में सोने-चांदी की दिशा अंतरराष्ट्रीय तनाव, कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों पर निर्भर करेगी। निवेशकों को बाजार की चाल पर नजर रखने की सलाह दी जा रही है।

