धमतरी। रायपुर के नकटी गांव के बाद अब धमतरी जिले के कोलियारी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। राजस्व विभाग द्वारा 50 से अधिक मकानों को खाली करने का नोटिस और अल्टीमेटम जारी किए जाने के बाद मंगलवार को ग्रामीणों और राजस्व अमले के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विरोध के चलते कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन एक निजी संस्थान को जमीन उपलब्ध कराने के लिए उन पर दबाव बना रहा है और वर्षों से बसे लोगों को उनके घरों से हटाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि धमतरी में भी रायपुर के नकटी गांव जैसी स्थिति पैदा की जा रही है। वहीं राजस्व विभाग का कहना है कि संबंधित भूमि पर 50 से अधिक मकान अतिक्रमण कर बनाए गए हैं। नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान राजस्व अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई। राजस्व अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संबंधित लोगों को जल्द से जल्द अतिक्रमित भूमि खाली करनी होगी। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन तेज करेंगे। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर रखे हुए है।
