फॉक्सबोरो। फीफा विश्व कप 2026 से चार बार की चैंपियन जर्मनी का सफर राउंड ऑफ 32 में ही खत्म हो गया। रोमांचक मुकाबले में नियमित समय तक स्कोर 1-1 से बराबर रहा, लेकिन पेनल्टी शूटआउट में पराग्वे ने जर्मनी को 4-3 से हराकर अंतिम 16 में जगह बना ली। मैच के बाद जर्मनी के मुख्य कोच जूलियन नागेल्समैन ने हार की बड़ी वजह बताते हुए कहा कि, टीम का धीमा बिल्ड-अप प्ले उनकी सबसे बड़ी कमजोरी साबित हुआ। उन्होंने कहा कि, टीम गेंद को तेजी से आगे नहीं बढ़ा सकी, जिससे विपक्षी टीम को डिफेंस जमाने का पूरा समय मिल गया।
नागेल्समैन ने ड्रेसिंग रूम के माहौल को बेहद निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि, जर्मनी ने मैच में कई मौके बनाए, लेकिन उन्हें गोल में बदलने में असफल रहे। कोच के अनुसार टीम को बॉक्स में अधिक आक्रामक होकर खेलना चाहिए था और मैच का फैसला पेनल्टी तक नहीं जाने देना चाहिए था। दूसरी ओर, स्टार खिलाड़ी काई हावर्ट्ज़ ने भी हार की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि, टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। उन्होंने माफी मांगते हुए स्वीकार किया कि, बड़े टूर्नामेंट में लगातार बेहतर खेल के बावजूद नतीजे साथ नहीं दे रहे हैं। इस हार के साथ ही जर्मनी का एक और विश्व कप अभियान अधूरा रह गया, जबकि पराग्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बना ली।
