चेन्नई। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के बाद विपक्षी दल AIADMK की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता, करूर से विधायक और पूर्व परिवहन मंत्री एम.आर. विजयभास्कर ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। सोमवार (29 जून) को उन्होंने राज्य सचिवालय पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
बताया जा रहा है कि एम.आर. विजयभास्कर पार्टी नेतृत्व, खासकर ई. पलानीस्वामी (EPS) की कार्यशैली से नाराज थे। उनके इस्तीफे के बाद चुनाव के बाद AIADMK छोड़ने वाले विधायकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है, जिससे पार्टी नेतृत्व पर दबाव और बढ़ गया है। राजनीतिक गलियारों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि एम.आर. विजयभास्कर जल्द ही TVK (तमिलगा वेत्री कझगम) का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
एम.आर. विजयभास्कर ने दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता के कार्यकाल में तमिलनाडु सरकार में परिवहन मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी और पार्टी के प्रमुख नेताओं में गिने जाते रहे हैं। इससे पहले AIADMK के चार विधायक पार्टी छोड़कर TVK में शामिल हो चुके हैं। वहीं पांचवें विधायक सी. विजयभास्कर ने भी इस्तीफा दे दिया था, हालांकि उन्होंने अभी तक किसी राजनीतिक दल की सदस्यता नहीं ली है। उनके भी जल्द TVK में शामिल होने की चर्चा है।
एम.आर. विजयभास्कर के इस्तीफे के बाद तमिलनाडु विधानसभा की कुल सात सीटें खाली हो गई हैं। इनमें सबसे चर्चित त्रिची ईस्ट सीट भी शामिल है, जिसे मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने खाली किया था। 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK के पास 108, DMK के पास 59 और AIADMK के पास 47 सीटें हैं।
