रायपुर। अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य एवं वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या सृष्टि का ऐसा पवित्र स्थान है, जो कभी अपवित्र नहीं हो सकता। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और सत्य सामने आने के बाद अयोध्या पहले से अधिक गौरवशाली होकर उभरेगी। रायपुर में आयोजित आपातकाल स्मृति दिवस सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे इंद्रेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि किसी भी घटना से अयोध्या की आध्यात्मिक गरिमा प्रभावित नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
आपातकाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उस दौर में लोकतंत्र की रक्षा के लिए हजारों कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया। उन्होंने बताया कि कई नेता भूमिगत रहकर आंदोलन चला रहे थे और हर दिन गिरफ्तारी का खतरा बना रहता था। उनके अनुसार, वर्ष 1975 से 1977 के बीच लोकतंत्र बचाने के लिए अनेक लोगों ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया। इंद्रेश कुमार ने कहा कि आपातकाल के दौरान अनेक कार्यकर्ता घायल हुए और कई लोगों को जेल जाना पड़ा। उन्होंने उन सभी लोगों के योगदान को लोकतंत्र की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता पर भी जोर देते हुए कहा कि भारत की साझा विरासत सभी को जोड़ती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ को धर्मांतरण मुक्त बनाने की भी कामना व्यक्त की।
