कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में शनिवार को दो ट्रेलरों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा भालूमोड़ के पास हुआ, जहां टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेलरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में एक ट्रेलर का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। चालक का शव केबिन में फंसा होने के कारण कटर की सहायता से केबिन को काटकर शव बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद दूसरा ट्रेलर चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक और ट्रेलर की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। +हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद पुलिस ने सामान्य कराया।
