गर्मी और उमस से जल्द मिलेगी राहत, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से बढ़ी गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में दिनभर चिपचिपी गर्मी का असर देखने को मिला। हालांकि मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। 27 जून से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिल सकती है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कुसमी, बस्तर और बकावंड में 3-3 सेंटीमीटर, जबकि बलरामपुर और गीदम में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर राजस्थान से बिहार तक सक्रिय मौसमी द्रोणिका, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रीय परिसंचरण तथा दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर सक्रिय सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना बनी हुई है।

राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बारिश और तेज हवा चल सकती है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।