रायपुर। एनसीईआरटी (NCERT) की किताब में आपातकाल (Emergency) के अध्याय को शामिल करने को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने इस मुद्दे पर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा बच्चों की पढ़ाई और किताबों में भी राजनीति कर रही है।
रायपुर पहुंचे जयवर्धन सिंह ने कहा कि, कांग्रेस ने हमेशा शिक्षा और छात्रों के भविष्य को प्राथमिकता दी है, लेकिन भाजपा इतिहास और पाठ्यक्रम को अपने राजनीतिक नजरिए से पेश करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि, बच्चों की किताबों को राजनीतिक बहस का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।
कांग्रेस विधायक ने नीट परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि, वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा क्षेत्र में कई विवाद सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में IIT, IIM और AIIMS जैसे संस्थानों की नींव रखी, जबकि आज शिक्षा व्यवस्था कई चुनौतियों का सामना कर रही है।
वहीं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने भी एनसीईआरटी (NCERT) पाठ्यक्रम को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा शासित राज्यों में इतिहास को अपने तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। इस बयान के बाद शिक्षा और इतिहास को लेकर सियासी बहस और तेज हो गई है।
