रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राजधानी रायपुर सहित अनेक क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश संभागों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा और रायगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई, जबकि कई जिलों में मेघगर्जन के साथ तेज बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान से लेकर झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल तक सक्रिय मौसमी द्रोणिका तथा मध्य प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा गतिविधियां बढ़ी हैं।
आज प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। राजधानी रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश के साथ अधिकतम तापमान 37 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
