मोहला। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के तीनों विकासखंडों के सरपंचों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला मुख्यालय पहुंचे सैकड़ों सरपंचों ने कलेक्टर कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए उपेक्षा और अनदेखी का आरोप लगाया। सरपंचों का कहना है कि, पंचायत कार्यों में अनावश्यक बाधाएं, भुगतान में देरी और प्रशासनिक स्तर पर सहयोग की कमी से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने मनरेगा कार्यों में कथित कमीशनखोरी और फाइलों को बार-बार लौटाने जैसे आरोप भी लगाए। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि, कार्य पूरा होने के बाद भी भुगतान के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता है। घंटों इंतजार के बावजूद कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने पर सरपंचों में नाराजगी और बढ़ गई। प्रशासन की ओर से केवल प्रतिनिधिमंडल को बुलाने के प्रस्ताव को उन्होंने अपमानजनक बताते हुए ज्ञापन सौंपे बिना ही वापस लौटने का फैसला किया। जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष पुष्पेंद्र भुआर्य ने चेतावनी दी कि, यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने सामूहिक इस्तीफे, ग्राम सभाओं के बहिष्कार और पंचायतों के प्रशासनिक कार्य बंद करने तक की चेतावनी दी। हालांकि आम जनता से जुड़े कार्य जारी रखने की बात भी कही गई है।
