नई दिल्ली। देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों का दूसरा अलंकरण समारोह मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस समारोह में कुल 65 पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। इनमें 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 56 पद्मश्री सम्मान शामिल हैं। इससे पहले 26 मई को हुए पहले समारोह में राष्ट्रपति ने 66 पद्म पुरस्कार प्रदान किए थे। इस बार भी अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
पद्मश्री सम्मान पाने वालों में डॉ. पद्मा गुरमेत भी शामिल हैं, जिन्होंने हिमालयी चिकित्सा परंपरा सोवा-रिग्पा के संरक्षण और प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इस सम्मान को हिमालयी चिकित्सा समुदाय के लिए बड़ी पहचान बताया। वहीं, कर्नाटक लिंगायत एजुकेशन सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. प्रभाकर बसप्रभु कोरे को शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई संस्थानों की स्थापना की है।
इसके अलावा, हेमेटोलॉजिस्ट डॉ. सुरेश हनागावडी को हीमोफीलिया के इलाज और शोध में चार दशक के योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जो कला, शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वालों को प्रदान किए जाते हैं।
