कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नदिया जिले में टीएमसी नेता टीना भौमिक साहा के घर पर तड़के छापेमारी के दौरान करीब 3 किलो सोना बरामद होने का दावा किया गया है। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह छापा वसूली मामले में गिरफ्तार टीएमसी नेता सब्यसाची दत्ता से पूछताछ के बाद मारा गया। बिधाननगर नॉर्थ थाना पुलिस सब्यसाची दत्ता को साथ लेकर टीना साहा के तेहट्टा स्थित आवास पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान सोने के आभूषणों के अलावा कुछ जमीन से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। बरामद सोने की कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद संपत्ति का संबंध वसूली मामले से है या नहीं।
टीना साहा को पूछताछ के लिए पुलिस ने नोटिस जारी किया है और उन्हें थाने में पेश होने को कहा गया है। वहीं, टीएमसी नेता ने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि उनके और सब्यसाची दत्ता के बीच कोई गलत संबंध नहीं है और परिवार के गहनों को जब्त किया गया है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
