बिलासपुर। शहर में महिलाओं से लूट और चैन स्नैचिंग की लगातार हो रही घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिलासपुर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह महिलाओं को अकेला देखकर वारदात को अंजाम देता था और घटना के बाद दूसरे इलाके में फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में महिलाओं के साथ चैन स्नैचिंग और लूट की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि आरोपी ओडिशा से बिलासपुर आते थे और यहां अपने स्थानीय संपर्कों के ठिकानों पर रुककर योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्कूटी भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव सिंह, शक्ति प्रसाद, नवीन साहू, प्रमोद सिंह, अतुल मुंडा और बसंता खड़िया के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी इलाके में महिलाओं से लूट और चैन स्नैचिंग की तीन घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरोह संगठित तरीके से अलग-अलग राज्यों में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था। मामले में आपराधिक साजिश की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

