रायपुर/बलौदाबाजार। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में उत्साह और जनभागीदारी का अनूठा माहौल देखने को मिला। राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने सैकड़ों लोगों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति, समृद्ध जीवनशैली और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। आधुनिक जीवन की भागदौड़ और तनाव के बीच योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। योग वहीं बलौदाबाजार के नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग अपनाने का संकल्प लिया।


