लंदन। ब्रिटेन की राजनीति में इन दिनों भारी हलचल देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की नेतृत्व क्षमता को लेकर उनकी ही पार्टी लेबर पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्टी के 100 से अधिक सांसद स्टार्मर की नीतियों और नेतृत्व शैली से नाराज बताए जा रहे हैं, जिससे उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, स्टार्मर ने हाल के दिनों में कैबिनेट सहयोगियों, सलाहकारों और ट्रेड यूनियन नेताओं के साथ कई दौर की बातचीत की है।
हालांकि सरकारी सूत्रों का कहना है कि, प्रधानमंत्री फिलहाल अपने दायित्वों पर पूरी तरह केंद्रित हैं और पद छोड़ने को लेकर कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है। इस बीच, लेबर पार्टी के प्रभावशाली नेता एंडी बर्नहैम की राजनीतिक सक्रियता ने अटकलों को और हवा दे दी है। माना जा रहा है कि, पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की मांग धीरे-धीरे मजबूत हो रही है। हालांकि कीर स्टार्मर ने स्पष्ट किया है कि, वह किसी भी नेतृत्व चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं। अब सबकी नजरें लेबर पार्टी की आगामी रणनीति और स्टार्मर के अगले कदम पर टिकी हैं।
