सांसद बृजमोहन अग्रवाल कल बलौदाबाजार में करेंगे योग

Follow Us

बलौदाबाजार। 12वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 क़ो बलौदाबाजार स्थित नवीन क़ृषि उपज मण्डी परिसर में जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः 7 बजे से होगा। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गरिमामय आयोजन हेतु बेहतर तैयारी व प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास संपन्न कराने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर ने मिनट टू मिनट कार्यक्रम अंतर्गत सभी कार्यक्रम संपन्न कराने के साथ ही मंच व्यस्था, साउंड सिस्टम, जनरेटऱ, बैरीकैटिंग, गुलदस्ता, योगा मैट, स्कूली बच्चों तथा अन्य प्रतिभागियों के लिए वाहन व्यवस्था, पेयजल, मेडिकल टीम, क़ानून व्यवस्था आदि के लिये सौंपे गये जिम्मेदारी का बेहतर निर्वहन करने के निर्देश दिये हैं।

भारत में प्राचीन काल से ही योग हमारी जीवनशैली और संस्कृति का अभिन्न अंग रहा है। ऋषि-मुनियों, योगियों और संतों ने योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, शांत मन और आध्यात्मिक चेतना का मार्ग दिखाया। भारतीय ज्ञान परंपरा की यह अमूल्य धरोहर आज विश्वभर में स्वास्थ्य और कल्याण का पर्याय बन चुकी है। इसी विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की, जो आज विश्वव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग) रखी गई है। यह थीम योग के माध्यम से जीवन के प्रत्येक चरण में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का संदेश देती है। योग न केवल रोगों से बचाव का प्रभावी माध्यम है, बल्कि स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली की आधारशिला भी है।