छत्तीसगढ़ में दो सड़क हादसों से मचा हड़कंप, कोरबा में बाइक सवार की मौत; दंतेवाड़ा में दो घायल

Follow Us

कोरबा/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दो जिलों में शुक्रवार रात हुए अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। कोरबा में तेज रफ्तार बाइक सवार की ठेले से टक्कर के बाद मौत हो गई, जबकि दंतेवाड़ा में मेटाडोर और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कोरबा में ठेले से टकराई बाइक, युवक की मौत
पहला हादसा कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, बालको निवासी सुनील गुप्ता (35) बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान टीपी नगर से बुधवारी की ओर जा रहे एक ठेले से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, सुनील ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

दंतेवाड़ा में हाईवे पर भिड़े दो वाहन
दूसरी घटना दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र की है। नेशनल हाईवे गीदम-जगदलपुर मार्ग पर जवांगा के पास मेटाडोर और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार दो लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है।