स्टॉक मार्केट में नुकसान के बाद रची अपहरण की साजिश, परिवार से 50 लाख की फिरौती मांगने वाला अकाउंटेंट गिरफ्तार

Follow Us

सूरत। गुजरात के सूरत शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 36 वर्षीय अकाउंटेंट ने अपने ही अपहरण का नाटक रचकर परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की साजिश रची। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने स्टॉक मार्केट में हुए भारी नुकसान की भरपाई के लिए यह पूरी योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, मोटा वराछा निवासी जिग्नेश तलाविया 12 जून को अचानक लापता हो गया था। इसके बाद उसकी पत्नी मीनाक्षीबेन तलाविया ने उत्राण थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कुछ समय बाद परिवार को धमकी भरे संदेश मिलने लगे, जिनमें जिग्नेश के अपहरण का दावा करते हुए 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सूरत पुलिस ने व्यापक जांच शुरू की। इस दौरान परिवार को एक वीडियो भी भेजा गया, जिसमें जिग्नेश बंधा हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो और धमकी भरे संदेशों के चलते परिवार को अपहरण की घटना वास्तविक लगी।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और अन्य सुरागों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में कई संदिग्ध पहलू सामने आए, जिसके बाद पुलिस की टीम गोधरा पहुंची। 15 जून को पंचमहल जिले के गोधरा स्थित एक होटल से जिग्नेश को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने खुद ही अपहरण की साजिश रची थी। उसने फिरौती के संदेश खुद भेजे और अपहरण को वास्तविक दिखाने के लिए बंधक बनाए जाने वाले वीडियो भी स्वयं तैयार किए थे। सूरत के डीसीपी आलोक कुमार झाला के अनुसार, आरोपी को कॉल और पुट ऑप्शन ट्रेडिंग में करीब 50 से 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। कर्ज और आर्थिक दबाव से निकलने के लिए उसने परिवार से पैसे वसूलने की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।