मुंबई। सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की शादी से पहले आयोजित संगीत समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान अपनी सुपरहिट फिल्म कुछ कुछ होता है के लोकप्रिय गीत कोई मिल गया पर डांस करते नजर आ रहे हैं। रेवती सुले शनिवार को बिजनेसमैन सारंग लखानी के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रही हैं। संगीत समारोह में शाहरुख खान की मौजूदगी ने समारोह को और खास बना दिया। वायरल वीडियो को गायक राहुल वैद्य ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। राहुल ने कैप्शन में लिखा, “कल रात किंग खान ने हमारे स्टेज की शोभा बढ़ाई। रेवती और सारंग के लिए यह शानदार रात थी।”
वीडियो सामने आते ही शाहरुख के फैंस ने सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने उनके डांस और दूल्हा-दुल्हन के प्रति उनके आत्मीय व्यवहार की सराहना की। फैंस का कहना है कि शाहरुख न सिर्फ पर्दे पर बल्कि वास्तविक जीवन में भी लोगों का दिल जीतना जानते हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म किंग की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इसमें दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, सुहाना खान, अरशद वारसी, अभय वर्मा और अनिल कपूर जैसे कलाकार नजर आएंगे।
बताया जा रहा है कि फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि रजनीकांत की फिल्म जेलर 2 में शाहरुख खान के कैमियो की चर्चा थी, लेकिन व्यस्त शेड्यूल के कारण उन्होंने यह प्रस्ताव छोड़ दिया। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
