रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी के कर्मचारी ने अपने साथ मारपीट, गाली-गलौज, जबरन रोककर रखने और धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा निवासी 24 वर्षीय रजत सिंह चौहान ने शिकायत में बताया कि 12 जून की शाम ऑफिस से छुट्टी के बाद उन्हें कुछ लोगों ने रोककर विवाद किया। इसके बाद ऑफिस के भीतर हुई बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई, मोबाइल फोन की जांच की गई और कुछ दस्तावेजों पर दबाव बनाकर हस्ताक्षर कराए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें कुछ समय तक ऑफिस से बाहर नहीं जाने दिया गया और मानसिक दबाव बनाया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनका मोबाइल, लैपटॉप, स्कूटी और अन्य सामान कार्यालय में ही रखवा लिया गया। पीड़ित ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और सामान वापस दिलाने की मांग की है। टिकरापारा थाना पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
