सांकरा चेकपोस्ट पर धमतरी पुलिस का बड़ा एक्शन, दिल्ली का तस्कर 7.7 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

Follow Us

धमतरी। जिला पुलिस ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर से संचालित हो रहे गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 7 किलो 724 ग्राम गांजा, बाइक, मोबाइल और नगदी समेत करीब 4.35 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। कार्रवाई सांकरा फॉरेस्ट नाके पर की गई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा। जानकारी के मुताबिक थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, एक व्यक्ति हीरो स्प्लेंडर बाइक से गांजा लेकर देवभोग-मेचका मार्ग होते हुए राजस्थान की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सांकरा चेकपोस्ट पर सघन जांच शुरू की और संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोंटू शर्मा निवासी मुखर्जी नगर, दिल्ली बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग और पॉलिथीन से दो पैकेटों में रखा गांजा बरामद हुआ। आरोपी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि, सांकरा चेकपोस्ट पर हाल के दिनों में गांजे की कई बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि, धमतरी पुलिस अब सीमावर्ती इलाकों में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है।