भाटापारा। ग्राम मोपका के अंबेडकर चौक में मनाया गया संविधान दिवस, बाबा साहेब को किया गया नमन एवं उद्देशिका का हुआ वाचन
संविधान दिवस के अवसर पर स्व. रामनाथ वर्मा शासकीय महाविद्यालय, मोपका-निपनिया में प्राचार्य डॉ. अभिलाषा सैनी के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका पाटले द्वारा ग्राम मोपका के अंबेडकर चौक में संविधान दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। महाविद्यालय के प्राध्यापक एन. के. ध्रुव द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर ध्रुव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक भेदभाव, छुआछूत एवं असमानता के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। हमें बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करते हुए शिक्षित, संगठित एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। इसके पश्चात ग्राम के वरिष्ठ नागरिक रमेश नवरंगे द्वारा भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का वाचन किया गया। उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं ग्रामवासियों ने उनके साथ उद्देशिका का वाचन किया तथा संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका पाटले ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का आधार है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का सपना एक ऐसे समाज का निर्माण करना था, जहां प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के समान अवसर एवं सम्मान प्राप्त हो। संविधान में उल्लिखित आदर्शों को हमें अपने व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन में अपनाना चाहिए।
महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से संविधान के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, महिला अधिकारों, सामाजिक न्याय एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि बाबा साहेब ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम माना और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार दिलाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक रोहित लाल देवांगन, राजा राम ध्रुवे, तृप्ति साव, युवराज दीक्षित, भारती साहू, रोहित वर्मा, दिलबाग सिंह खालसा, डॉ. महेश्वरी पात्रे, तामेंद्र नेताम, मंगलू निषाद एवं इंद्रकांत सोनवानी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त ग्राम के वरिष्ठ नागरिक रमेश नवरंगे, आदर्श नवरंगे, औषधालय की डॉ मिश्रा, पोस्टमैन, ग्राम मोपका के सचिव तथा ग्राम रामपुर के सरपंच राजेश ध्रुव की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
संविधान के आदर्शों पर चलकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर रही हमारी सरकार : मुख्यमंत्री साय
उपस्थित सभी लोगों ने संविधान की मूल भावना को बनाए रखने, सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने तथा एक शिक्षित, समतामूलक एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। संविधान दिवस का आयोजन बाबा साहेब के विचारों एवं संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
