नई दिल्ली। सरकार ने संसद के दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने की तैयारी कर ली है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक फिर से शुरू कराने का अनुरोध किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाने का प्रस्ताव है। सरकार का कहना है कि जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
- सरकार ने दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने के लिए क्या प्रस्ताव दिया?
- लोकसभा: 30 नवंबर 2026, सोमवार से बैठक शुरू कराने का अनुरोध।
- राज्यसभा: 2 दिसंबर 2026, बुधवार से बैठक शुरू कराने का अनुरोध।
- संभावित समापन: दोनों सदनों का कामकाज 3 दिसंबर को समाप्त हो सकता है।
- उद्देश्य: जरूरी सरकारी कामकाज को पूरा करना।
क्या 3 दिसंबर तक ही चलेगा संसद का कामकाज?
रिजिजू ने अपने पोस्ट में स्पष्ट किया है कि दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है। हालांकि, उन्होंने इसके लिए एक शर्त भी बताई है। उनके अनुसार, बैठकें सदनों के सामने मौजूद कामकाज की जरूरतों और परिस्थितियों के आधार पर समाप्त होंगी। इसका मतलब है कि 3 दिसंबर की तारीख संभावित है, इसे अंतिम और तय तारीख नहीं बताया गया है। सरकार ने फिलहाल जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए दोनों सदनों को फिर से बुलाने का अनुरोध किया है।
कौन से विधेयक ला सकती है सरकार?
13 अगस्त को मानसून सत्र स्थगित होने के 103 दिन बाद भी सत्रावसान नहीं हुआ है। इसे लेकर विपक्ष शीतकालीन सत्र में देरी पर सवाल उठा रहा है। माना जा रहा है कि इन तारीखों में सरकार इस सत्र में परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण विधेयक पेश कर सकती है।
दलों के समर्थन की कितनी दरकार? समीकरण क्या?
संविधान संशोधन विधेयक पारित करने के लिए 543 सदस्यीय लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत (361 वोट) आवश्यक है। मौजूदा समय में एनडीए के पास 320 सांसद हैं। अप्रैल में बिल गिरने के बाद 26 विपक्षी सांसद (20 तृणमूल कांग्रेस और 6 उद्धव गुट) एनडीए के पाले में आ चुके हैं। फिर भी, सरकार को बिल पास कराने के लिए डीएमके (22) और एनसीपी-एसपी (8) जैसे दलों के समर्थन की दरकार होगी।
परिसीमन का नया फॉर्मूला, हंगामे के आसार
दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के फॉर्मूले पर विचार कर रही है। इसके तहत 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जा सकता है। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष आक्रामक है, जिससे सत्र के हंगामेदार रहने की पूरी संभावना है।
संविधान के आदर्शों पर चलकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर रही हमारी सरकार : मुख्यमंत्री साय
परिसीमन और सीटों में वृद्धि का प्रस्ताव
सत्तारूढ़ गठबंधन के एक सांसद ने कहा कि संविधान संशोधन विधेयक पर बहस और मतदान तभी संभव होगा जब सदन व्यवस्थित तरीके से काम करेगा। मौजूदा सत्र की विस्तारित बैठक के लिए दो दिन और नए सत्र के लिए 14 दिन का नोटिस आवश्यक है। सरकार एक ऐसे फॉर्मूले पर विचार कर रही है जिसके तहत लोकसभा सीटों को राज्यों में 50 फीसदी बढ़ाया जाएगा।
इसका उद्देश्य दक्षिणी राज्यों की परिसीमन के निहितार्थों पर चिंताओं को दूर करना है। प्रस्तावित ढांचे में 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों का मौजूदा अंतर-राज्य हिस्सा भी बनाए रखने की बात है। संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 अप्रैल में विशेष संसदीय बैठक में आवश्यक संख्या प्राप्त करने में विफल रहा था।
