बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के सनावल थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक ही बाइक पर सवार चार दोस्तों की खड़े ट्रैक्टर से टक्कर हो गई, जिसमें सभी युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, चारों युवक साप्ताहिक बाजार डिंडा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीपरपान मोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े एटा लोड ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक काफी तेज गति में थी।
वहीं मृतकों के परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि, ट्रैक्टर को सड़क किनारे गलत तरीके से खड़ा किया गया था और उसमें किसी प्रकार का रिफ्लेक्टर या संकेतक नहीं लगाया गया था। अंधेरे के कारण बाइक सवारों को ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया और हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सनावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया है। एक साथ चार युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
