आईपीएल सट्टे का ‘मोबाइल नेटवर्क’ ध्वस्त: एक क्लिक में चल रहा था लाखों का खेल, युवक गिरफ्तार

Follow Us

कबीरधाम। इंडियन प्रीमियर लीग मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले एक युवक को कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस की साइबर टीम ने आरोपी के मोबाइल से ऐसे डिजिटल सबूत बरामद किए हैं, जिन्होंने पूरे सट्टा नेटवर्क की गतिविधियों को उजागर कर दिया। जानकारी के अनुसार, जिले में ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी पोड़ी क्षेत्र के ग्राम बैहरसरी में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक एंड्रॉइड मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगाकर ऑनलाइन रकम का लेनदेन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में साइबर टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी रघुवीर वर्मा (22) को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से वीवो कंपनी का मोबाइल और एयरटेल सिम कार्ड बरामद हुआ। मोबाइल की जांच में सट्टा प्लेटफॉर्म से जुड़े लिंक, व्हाट्सएप चैट, इंटरनेट हिस्ट्री और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े कई डिजिटल रिकॉर्ड मिले। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल के जरिए आईपीएल सट्टा संचालित करने और पैसों के लेनदेन की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर मोबाइल, सिम कार्ड और डिजिटल स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि, ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।