पर्यटन स्थल मनगट्टा में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर: 150 एकड़ जमीन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Follow Us

राजनांदगांव। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनगट्टा में बड़े पैमाने पर चल रही अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार सुबह राजस्व विभाग और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 150 एकड़ जमीन पर विकसित किए गए अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। जानकारी के अनुसार, प्रशासन को शिकायत मिली थी कि बिना वैधानिक अनुमति और नियमों की स्वीकृति के जमीन की प्लाटिंग कर खरीदारों को बेचा जा रहा है। शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने क्षेत्र का निरीक्षण किया, जिसमें बड़े स्तर पर अनियमितता सामने आई।

इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनाए गए प्रवेश द्वार, सड़कें और अन्य निर्माण हटाए। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध प्लाटिंग और राजस्व नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि, जमीन या प्लॉट खरीदने से पहले उसके दस्तावेज, अनुमति और कानूनी स्थिति की पूरी जांच जरूर करें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।