तखतपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि लेने के बाद भी तखतपुर वर्षों तक मकान निर्माण नहीं करने वाले हितग्राहियों पर नगर पालिका प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। प्रशासन ने ऐसे 455 लोगों को अंतिम नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने या सरकारी राशि वापस जमा करने का अल्टीमेटम दिया है। आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ एफआईआर और रिकवरी की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2022 के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में करीब 55 से 56 हजार रुपए जारी किए गए थे।
लेकिन चार से पांच साल बीत जाने के बाद भी बड़ी संख्या में लोगों ने न तो घर बनाना शुरू किया और न ही शासन की राशि लौटाई। इससे योजना के करोड़ों रुपए अटक गए हैं। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, इन 455 हितग्राहियों के पास करीब ढाई करोड़ रुपए से अधिक की सरकारी राशि फंसी हुई है। नोटिस जारी होने के बाद एक हितग्राही ने पूरी राशि वापस जमा कर दी, जबकि दो लोगों ने किस्तों में भुगतान की अनुमति मांगी है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरेश सिंह ने साफ कहा है कि सरकारी राशि का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ अब कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर एसडीएम कोर्ट में रिकवरी प्रकरण भी दर्ज कराया जाएगा।
