जनगणना 2027 में जीपीएम बना नंबर-1: तय समय से 14 दिन पहले पूरा किया 100% काम, सीएम साय ने दी बधाई

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले ने जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण और गणना कार्य में पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया है। जिले ने निर्धारित समय-सीमा 30 मई से 14 दिन पहले ही 16 मई को 100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया। इस उपलब्धि पर कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी संतोष कुमार देवांगन ने पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया। खास बात यह है कि 8 मई को जब उन्होंने पदभार संभाला था, तब जिले में कार्य की प्रगति केवल 6 प्रतिशत थी।

कलेक्टर ने जनगणना कार्य को मिशन मोड में संचालित किया। लगातार मॉनिटरिंग, मैदानी समीक्षा और कर्मचारियों को प्रोत्साहन देने के चलते महज 8 दिनों में जिले ने बड़ी छलांग लगाई। इस अभियान में 513 प्रगणक और 85 पर्यवेक्षक लगातार मैदान में सक्रिय रहे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। सीएम विष्णु देव साय ने भी GPM जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि, जनगणना के आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं और नीति निर्धारण की मजबूत नींव बनेंगे। उन्होंने डिजिटल तकनीक के बेहतर उपयोग और समय से पहले कार्य पूर्ण करने को सराहनीय बताया। प्रदेश में GPM की इस उपलब्धि को प्रशासनिक दक्षता और टीमवर्क का बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है।