पेट्रोल पंप पर हाथापाई: 200 रुपये से ज्यादा का तेल देने से मना करने पर भड़के ग्राहक, जमकर हुई मारपीट

Follow Us

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों के बीच बस्तर जिले के जगदलपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के कुम्हारपारा स्थित सुभाष पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने को लेकर ग्राहक और पंप संचालक के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद की शुरुआत तब हुई जब पंप प्रबंधन ने नियम का हवाला देते हुए एक ग्राहक को 200 रुपये से ज्यादा का पेट्रोल देने से साफ मना कर दिया। इस बात पर शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। इस मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

इस हिंसक झड़प में पीड़ित को सिर, गले और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मामला तुरंत कोतवाली थाने पहुंच गया। इस वारदात के विरोध में शहर के अन्य पेट्रोल पंप संचालक भी लामबंद होकर थाने पहुंचे और प्रशासन से फ्यूल स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और 4 मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।