नीदरलैंड में बोले पीएम मोदी: ‘ऐसा लगा जैसे भारत में ही हूं’, दुनिया के मौजूदा संकटों पर जताई बड़ी चिंता

Follow Us

द हेग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड के द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए वैश्विक मंच से कई बड़ी बातें कहीं। कार्यक्रम में “मोदी-मोदी” के नारों और भारी उत्साह के बीच पीएम मोदी ने भावुक होते हुए कहा कि यहाँ का प्यार देखकर वह एक पल के लिए भूल गए कि विदेश में हैं, उन्हें ऐसा लगा जैसे वह भारत के ही किसी उत्सव का हिस्सा हैं। उन्होंने डच नेतृत्व द्वारा भारतीय प्रवासियों की तारीफ का जिक्र करते हुए कहा कि, भारतीयों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से नीदरलैंड की अर्थव्यवस्था में खास पहचान बनाई है। पीएम ने नीदरलैंड को यूरोप में भारतीय व्यापार के प्रवेश का एक प्राकृतिक प्रवेश द्वार बताया।

संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने भारत की प्रगति का लेखा-जोखा पेश करते हुए बताया कि, देश में स्टार्टअप और तकनीक की अभूतपूर्व क्रांति चल रही है। उन्होंने जानकारी दी कि भारत में बड़े पैमाने पर नए स्टार्टअप्स शुरू हुए हैं और पिछले साल रिकॉर्ड 1.25 लाख से अधिक पेटेंट फाइल किए गए। इसके साथ ही भारत अब सेमीकंडक्टर और चिप निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है, जहां ‘डिजाइन इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ चिप तैयार हो रही हैं।

हालाँकि, इस दौरान उन्होंने दुनिया के मौजूदा हालातों पर गहरी चिंता भी व्यक्त की। पीएम ने कहा कि आज मानवता कोरोना, युद्ध और ऊर्जा संकट जैसी बड़ी चुनौतियों से जूझ रही है और अगर यह हालात नहीं सुधरे, तो दुनिया की एक बड़ी आबादी दोबारा गरीबी के दलदल में धंस जाएगी। इस ऐतिहासिक दौरे के बीच नीदरलैंड ने भारत को चोल राजवंश के समय की 11वीं सदी की बहुमूल्य ‘अनाइमंगलम कॉपर प्लेट्स’ (लीडेन प्लेट्स) भी वापस सौंपी हैं, जो दोनों देशों के मजबूत होते सांस्कृतिक रिश्तों का प्रतीक हैं।