ट्रंप का बड़ा एक्शन: ISIS का नंबर-2 कमांडर अबू-बिलाल ढेर, अमेरिकी-नाइजीरियाई सेना का गुप्त ऑपरेशन सफल

Follow Us

वॉशिंगटन। आतंकी संगठन ISIS को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है कि, अमेरिकी फौज और नाइजीरियाई सेना ने एक बेहद गुप्त और चुनौतीपूर्ण जॉइंट ऑपरेशन में ISIS के दूसरे सबसे बड़े कमांडर अबू बिलाल अल मिनुकी को मार गिराया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस कामयाबी की घोषणा करते हुए कहा कि, अबू बिलाल दुनिया का सबसे एक्टिव और खतरनाक आतंकी था, जो लंबे समय से अमेरिकी रडार पर था।

अबू बिलाल अल मिनुकी को ISIS का वित्तीय दिमाग और संगठन को संभालने वाला सबसे मुख्य स्तंभ माना जाता था। वह इतना शातिर था कि, उसकी कोई आधिकारिक तस्वीर तक दुनिया के सामने नहीं आई, इसलिए उसे ‘शैडो फिगर’ यानी पर्दे के पीछे का कमांडर कहा जाता था। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, वह विदेशों में अमेरिकी ठिकानों पर बड़े हमलों की साजिश रच रहा था। ट्रंप ने बताया कि, इस सटीक सैन्य कार्रवाई से ISIS के फंडिंग नेटवर्क और कमांड सिस्टम की कमर पूरी तरह टूट गई है।

नाइजीरिया के बोर्नो राज्य में जन्मे 44 वर्षीय मिनुकी को जून 2023 में अमेरिका ने ‘ग्लोबल टेररिस्ट’ घोषित किया था। हाल ही में नाइजीरिया में हुए एक भीषण आतंकी हमले के पीछे भी इसी का हाथ माना जा रहा था, जिसमें 29 बेकसूर लोगों की जान गई थी। ट्रंप ने इस सफल मिशन के लिए नाइजीरियाई सरकार का आभार जताया है और साफ किया है कि, बेकसूरों की जान लेने वाले आतंकवादियों के खिलाफ उनका यह कड़ा रुख आगे भी जारी रहेगा।