विदेशी मशीनों और ‘देशी इलाज’ के नाम पर खेल रहे थे लोगों की सेहत से खिलवाड़, दो फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार

Follow Us

तखतपुर। छत्तीसगढ़ के तखतपुर क्षेत्र में खुद को डॉक्टर बताकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। स्थानीय नागरिकों की सूझबूझ से उत्तर प्रदेश के दो फर्जी डॉक्टरों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद हकीम अकबर और मोहम्मद जैद के रूप में हुई है, जबकि इनका एक साथी मौका देखकर फरार होने में कामयाब रहा।

स्थानीय युवाओं को खबर मिली थी कि कुछ बाहरी युवक बिना किसी वैध डिग्री के क्षेत्र में ‘दर्द का अचूक इलाज’ करने का दावा कर रहे हैं। शक होने पर जब ग्रामीणों ने मौके पर जाकर पूछताछ की, तो युवक गोलमोल जवाब देने लगे और खुद को आयुर्वेद से जुड़ा बताने लगे। जब उनसे डॉक्टर होने के दस्तावेज मांगे गए, तो वे एक भी वैध कागज नहीं दिखा पाए।

मामला बिगड़ता देख तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे की तलाशी ली, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। कमरे से भारी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां और कई तरह के संदिग्ध चूर्ण बरामद किए गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि बिना डिग्री के अवैध क्लीनिक चलाने, झूठा प्रचार कर जनता को गुमराह करने और लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में इन जालसाजों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश और आगे की जांच में जुट गई है।