परीक्षा का वीडियो वायरल होने पर बड़ी कार्रवाई, केंद्र अध्यक्ष समेत 5 कर्मचारी तत्काल सस्पेंड

Follow Us

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से बोर्ड परीक्षा की गोपनीयता भंग करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल (SAGES) परीक्षा केंद्र के भीतर एक छात्रा न केवल डिजिटल कैमरा लेकर प्रवेश कर गई, बल्कि उसने परीक्षा देते हुए वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस बड़ी लापरवाही के सामने आने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने कड़ा रुख अपनाते हुए केंद्र अध्यक्ष समेत कुल 5 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्रारंभिक जांच में पाया गया कि, परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 पर सुरक्षा और जांच के नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का एग्जाम हॉल तक पहुंचना शिक्षा विभाग के प्रोटोकॉल पर बड़े सवाल खड़े करता है। इस गंभीर कदाचार को देखते हुए केंद्र अध्यक्ष गंगा प्रसाद पटेल, सहायक केंद्र अध्यक्ष अनिरुद्ध भोई व दिनेश कुमार दास, पर्यवेक्षक दुर्गाप्रसाद पटेल और भृत्य विजिया बुड़ेक पर गाज गिरी है। छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम के तहत इन सभी को निलंबित कर इनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, महासमुंद तय कर दिया गया है। विभाग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि, 7 दिनों के भीतर सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया जाए। इस कार्रवाई ने प्रदेश भर के परीक्षा केंद्रों में हड़कंप मचा दिया है।