रायपुर में हाई-वोल्टेज ड्रामा: 35 फीट ऊंचे होर्डिंग पर चढ़ी युवती, रेस्क्यू देख थमी रहीं सांसें

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर का पॉश इलाका शंकर नगर आज सुबह किसी फिल्मी सीन का गवाह बना। जब लोग अपने दिन की शुरुआत कर रहे थे, तभी खम्हारडीह थाना क्षेत्र में एक युवती को 35 फीट ऊंचे विशालकाय होर्डिंग पर चढ़ा देख हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और करीब 40 मिनट तक ‘हाई-वोल्टेज ड्रामा’ चलता रहा। युवती की जान खतरे में देख पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत एक्शन मोड में आई। युवती कहीं नीचे न कूद जाए, इस डर से जमीन पर फौरन बड़ी जाली बिछाई गई और फायर ब्रिगेड ने लंबी सीढ़ियों के सहारे युवती तक पहुंचने की मशक्कत शुरू की।

स्थानीय लोगों और बचाव दल की सूझबूझ से आखिरकार युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। हैरानी की बात तब हुई जब नीचे उतरने के बाद युवती ने इस जानलेवा स्टंट की कोई ठोस वजह नहीं बताई। बातचीत में उसने बेहद सामान्य ढंग से कहा कि, उसे कोई परेशानी नहीं है और वह बस यूं ही ऊपर चढ़ गई थी। युवती की मानसिक स्थिति थोड़ी कमजोर नजर आ रही है। फिलहाल, खम्हारडीह पुलिस उसे थाने ले गई है ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके और इस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा सके।