खौफनाक लूट: पिता के परिचित ने ही रची साजिश, बातों में उलझाकर सूनसान गली में ले गए और लूट लिए 36,600

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि, अब वे जान-पहचान का फायदा उठाकर सरेराह लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है, जहाँ सोमवार की देर रात एक फल विक्रेता को उसके ही पिता के परिचित ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर लूट लिया। बदमाशों ने बंदूक और चाकू की नोक पर युवक से दिनभर की कमाई के 36,600 रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना उस वक्त की है, जब मौदहापारा निवासी शेख शाहिल बॉम्बे मार्केट स्थित अपना फल का ठेला बंद कर घर लौट रहा था। रात करीब 10:20 बजे जब वह फिरोज कबाड़ी वाली गली के पास पहुंचा, तभी बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर चार बदमाश वहां आए। इनमें मुख्य आरोपी राजा बैझड़ शामिल था, जो शाहिल का पूर्व परिचित था। राजा ने शाहिल को ‘अल्ताफ’ नामक किसी व्यक्ति का घर पूछने के बहाने रोका और बातों में उलझाकर गली के अंधेरे हिस्से की ओर ले गया।

जैसे ही शाहिल गली के अंदर पहुंचा, चारों बदमाशों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। एक आरोपी ने पीछे से उसका गला दबोचा तो दूसरों ने उसके हाथ पकड़ लिए। इसके बाद राजा और उसके साथियों ने कट्टा (बंदूक) और चाकू निकालकर शाहिल की छाती पर अड़ा दिया। जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने उसकी जेब में रखे कैश पर हाथ साफ कर दिया और अपनी गाड़ियों से हवा हो गए। डरे-सहमे पीड़ित ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने राजा बैझड़ और उसके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।