रायपुर। डॉ. राधाबाई कन्या महाविद्यालय में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब 300 छात्राओं ने हिस्सा लिया। एसीपी ट्रैफिक सीमा आहिरवार ने छात्राओं को यातायात नियमों के साथ सिविक सेंस, जिम्मेदार नागरिक व्यवहार और सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन केवल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए। उन्होंने लेन अनुशासन, पैदल यात्रियों को रास्ता देने, हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल तथा बेवजह हॉर्न न बजाने को जिम्मेदार नागरिक व्यवहार का हिस्सा बताया।
कार्यक्रम में एसीपी ट्रैफिक ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों में स्वअनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी जरूरी है। उन्होंने सड़क पर सभी की सुरक्षा के लिए आपसी सहयोग और नियमों के पालन को महत्वपूर्ण बताया। आयोजन में लायंस क्लब की भी भूमिका रही। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्व निभाने का संदेश दिया गया।
