बैकुंठपुर/कोरिया। साइबर जागृति अभियान के तहत कोरिया पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने ग्राम ओडग़ी में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के मामले भी सामने आ रहे हैं, जिनमें ठग लालच, डर या जल्दबाजी का फायदा उठाकर लोगों से बैंक और निजी जानकारी हासिल करते हैं। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या मोबाइल पर आया ओटीपी साझा न करें। साथ ही व्हाट्सऐप और मोबाइल पर मिलने वाले संदिग्ध लिंक, लॉटरी, फर्जी नौकरी के प्रस्ताव और कम समय में पैसा दोगुना करने जैसे दावों से सावधान रहने की सलाह दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फर्जी पुलिस अधिकारी, बैंक कर्मचारी या कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर आने वाले कॉल पर बिना सत्यापन के कोई जानकारी या पैसे साझा नहीं करने चाहिए। यदि किसी के साथ वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने के साथ cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए और नजदीकी थाना या साइबर सेल को भी सूचना देनी चाहिए। चौपाल में ग्रामीणों ने साइबर अपराध से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने जवाब दिया। कार्यक्रम में स्थानीय पुलिस अधिकारी, सरपंच, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
