IPL मैच के दौरान UIDAI की बड़ी पहल: करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों तक पहुँचाया यह खास मैसेज

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में इन दिनों IPL 2026 मैच के दौरान UIDAI द्वारा दर्शकों की सहभागिता बढ़ाने एवं आधार के बायोमेट्रिक अपडेट के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु “उदई मैस्कॉट एक्टिविटी” का आयोजन किया गया। आपको बता दें की इस पहल ने बच्चों, युवाओं एवं परिवारों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनकर आधार जागरूकता अभियान को नई पहचान दी। कार्यक्रम के दौरान उदई मैस्कॉट ने दर्शकों से सीधे संवाद करते हुए आधार के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की जानकारी दी। साथ ही बच्चों एवं परिवारों के लिए आकर्षक फोटो और सेल्फी अवसर भी उपलब्ध कराया गया, जिसे लोगों ने उत्साहपूर्वक अपनाया। वहीं आधार गाइड टीम ने इस आयोजन के दौरान लोगों में उत्सुकता और जागरूकता को करीब से महसूस किया। बड़ी संख्या में दर्शकों ने उदई मैस्कॉट के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि UIDAI की यह नई पहल लोगों को काफी पसंद आ रही है। आधार गाइड टीम ने मैस्कॉट के साथ सेल्फी ले रहे हितेश शर्मा एवं उनकी बहन मोहिनी शर्मा से बातचीत की और आधार के महत्व के बारे में जानना चाहा।

इस दौरान हितेश शर्मा ने बताया कि आज आधार के बिना किसी भी कार्य की कल्पना करना मुश्किल है। स्कूली शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, बैंकिंग, सरकारी सब्सिडी एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में आधार की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए UIDAI द्वारा IPL मैच जैसे बड़े मंच पर उदई मैस्कॉट के माध्यम से लोगों से सीधा संवाद करना एक सराहनीय पहल है। मैच देखने पहुंचे छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के दर्शकों में आधार जागरूकता को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में लोगों ने मैस्कॉट के साथ सेल्फी लेकर इस अभियान को समर्थन दिया। छत्तीसगढ़ के UIDAI अधिकारी खुर्शीद आलम ने यह महत्वपूर्ण जानकारी आधार गाइड टीम के साथ साझा की। UIDAI ने इस आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी अधिकारियों, दर्शकों एवं आगंतुकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। यह जागरूकता अभियान लोगों तक आधार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाने में सार्थक साबित हो रहा है।