ऑनलाइन सट्टे का ‘मास्टर पैनल’ चलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रामसागरपारा निवासी लोकेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया है, जो ‘ऑल पैनल 777’ जैसी बड़ी बेटिंग साइट्स का मास्टर पैनल और लिंक बेचने का मुख्य काम करता था। पुलिस के मुताबिक लोकेश एक बड़ा बुकी है, जिसका जाल सिर्फ रायपुर ही नहीं बल्कि प्रदेश के कई जिलों में फैला हुआ है। आरोपी से जब्त किए गए मोबाइल फोन और उसके बैंक खातों की गहराई से जांच की जा रही है, जिससे इस अवैध कारोबार से जुड़े कई बड़े राज उजागर होने की उम्मीद है।

इस पूरे मामले की कड़ियाँ 14 अप्रैल को कबीरनगर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से जुड़ी हैं। तब पुलिस ने कोटा इलाके से आकाश टांडी और मोहम्मद आरिफ को सट्टेबाजी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। उन आरोपियों के पास से 5 लाख रुपये कैश और 4 स्मार्ट फोन बरामद हुए थे। पकड़े गए सटोरियों ने पूछताछ और मोबाइल फोरेंसिक जांच में खुलासा किया था कि, वे लोकेश अग्रवाल से आईडी लेकर ही सट्टे का कारोबार चला रहे थे। उस वक्त पुलिस की दबिश पड़ते ही लोकेश फरार हो गया था, जिसे अब कड़ी मशक्कत के बाद दबोच लिया गया है।

एसीपी आजाद चौक ईशु अग्रवाल ने इस बड़ी कामयाबी का खुलासा करते हुए बताया कि, आरोपी लोकेश न केवल क्रिकेट सट्टे का सिंडिकेट चला रहा था, बल्कि मटका सट्टा के संचालन में भी उसकी सक्रिय भूमिका पाई गई है। इस मास्टरमाइंड के जरिए रोजाना लाखों रुपये का अवैध लेन-देन किया जाता था। फिलहाल पुलिस उन तमाम बैंक खातों को खंगाल रही है जिनमें संदिग्ध कैश का ट्रांजेक्शन हुआ है। पुलिस का मानना है कि, लोकेश की गिरफ्तारी के बाद रायपुर और आसपास के जिलों में फैले इस ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क की कमर टूटेगी और कई अन्य चेहरे भी बेनकाब होंगे।