बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है, जहां शादी की तैयारियों के बीच एक प्रेम कहानी खौफनाक मोड़ ले लेती है। सेक्टर-6 स्थित देवीलाल पार्क के पास नहर किनारे एक युवती और एक युवक खून से लथपथ हालत में मिले, जिससे सनसनी फैल गई। युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। मृतका की पहचान बिहार की रहने वाली चांदनी उर्फ मधु के रूप में हुई है, जो वर्तमान में शक्ति नगर में रह रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि, यह मामला आत्महत्या या बाहरी हमले का नहीं, बल्कि एक सोची-समझी वारदात थी।
आरोप है कि, चांदनी की हत्या उसके ही दोस्त अभिषेक ने की, जिसने तेजधार हथियार से उसका गला रेत दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी नुकसान पहुंचाते हुए अपनी गर्दन और कलाई काट ली। दोनों के बीच संबंध की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Snapchat पर हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गया। परिवार को भी इस रिश्ते की जानकारी थी और उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया था। यहां तक कि, 20 मई को रिश्ते को आगे बढ़ाने की योजना भी थी। लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने अपनी पहचान को लेकर परिजनों से गलत जानकारी साझा की थी। कभी खुद को भिवानी और बाद में फतेहाबाद का निवासी बताया। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
