अगर आप नेल सैलून में जाकर जेल और ऐक्रेलिक नेल एक्सटेंशन के बीच कन्फ्यूज़ हो जाते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। दोनों ही तकनीकें नाखूनों को लंबा और खूबसूरत बनाने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं, लेकिन इनके तरीके और असर काफी अलग होते हैं। ऐक्रेलिक नेल्स में लिक्विड मोनोमर और पाउडर पॉलीमर को मिलाकर एक पेस्ट तैयार किया जाता है, जिसे नेचुरल नेल्स पर लगाया जाता है। यह हवा में सूखकर सख्त हो जाता है और इसके लिए UV लाइट की जरूरत नहीं होती। ये नेल्स ज्यादा मजबूत और टिकाऊ होते हैं, इसलिए रोजमर्रा के कामों में जल्दी टूटते नहीं हैं। साथ ही इनकी मरम्मत भी सस्ती होती है, लेकिन लगाने के दौरान तेज गंध और भारीपन महसूस हो सकता है।
वहीं दूसरी ओर जेल नेल्स को जेल बेस्ड प्रोडक्ट से बनाया जाता है, जिसे UV या LED लैंप की मदद से सेट किया जाता है। ये नेल्स ज्यादा नेचुरल, चमकदार और हल्के होते हैं। इन्हें लगाने में कम गंध आती है और ये देखने में भी ज्यादा प्रीमियम लगते हैं, लेकिन ये ऐक्रेलिक की तुलना में थोड़े महंगे होते हैं और बहुत ज्यादा हार्ड वर्क करने वाले हाथों पर जल्दी खराब हो सकते हैं। अगर आपको मजबूत और लॉन्ग-लास्टिंग नेल्स चाहिए तो ऐक्रेलिक बेहतर हैं, जबकि नैचुरल और शाइनी लुक के लिए जेल नेल्स एक अच्छा विकल्प हैं। सही चुनाव आपकी लाइफस्टाइल और जरूरत पर निर्भर करता है।
