नई दिल्ली। भरता में लगातार IPL की धूम मची हुई है। इसी कड़ी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सलामी बल्लेबाज फिन एलेन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के मुकाबले में दमदार बल्लेबाजी की। कम लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर के लिए एलेन ने धुआंधार बल्लेबाजी की और वह आईपीएल में अपना पहला शतक लगाने में सफल रहे। एलेन इस मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे और वह आखिरकार अपना प्रभाव छोड़ने में सफल रहे। इसके साथ ही एलेन ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। दरअसल, गेंदबाजों के बाद एलेन की बेहतरीन पारी से केकेआर ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हराया। केकेआर की यह मौजूदा सीजन में लगातार चौथी जीत है। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने पथुम निसांका की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 142 रन बनाए। जवाब में केकेआर ने 14.2 ओवर में दो विकेट खोकर 147 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। केकेआर के लिए एलेन 47 गेंदों पर पांच चौकों और 10 छक्कों की मदद से 100 रन बनाकर नाबाद रहे। इस सीजन दिल्ली की यह घर में लगातार पांचवीं हार है। वहीं, कोलकाता ने मौजूदा सत्र की चौथी जीत के साथ अंक तालिका में सातवां स्थान हासिल कर लिया। अब उनके खाते में नौ अंक हो गए। हालांकि, नेट रन रेट -0.169 है। वहीं, दिल्ली आठ अंक और -1.154 नेट रन रेट के साथ आठवें स्थान पर लुढ़क गई।
आपको बता दें की एलेन एक कैलेंडर वर्ष में तीन शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस साल बीबीएल में पर्थ स्कोर्चर्स के लिए खेलते हुए 101 रन बनाए थे, जबकि टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के लिए नाबाद 100 रन की पारी खेली थी। अब आईपीएल में केकेआर के लिए खेलते हुए उन्होंने नाबाद शतकीय पारी खेली। एलेन आईपीएल में शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले ब्रैंडन मैकुलम दो अलग-अलग टीमों के लिए शतक लगा चुके हैं। मैकुलम ने केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक-एक शतक लगाए हैं। एलेन केकेआर के लिए आईपीएल में शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। इस फ्रेंचाइजी के लिए अब तक ब्रेंडन मैकुलम, वेंकटेश अय्यर, सुनील नरेन और एलेन ने ही शतकीय पारी खेली है। मैकुलम ने 2008 में आरसीबी के खिलाफ नाबाद 158 रन बनाए थे। वहीं, वेंकटेश ने 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 104 और सुनील नरेन ने 2024 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 109 रनों की पारी खेली थी। वहीं, एलेन एक आईपीएल पारी में केकेआर के लिए सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे ज्यादा छक्के एक पारी में केकेआर के लिए मैकुलम और आंद्रे रसेल ने लगाए हैं। मैकुलम ने 2008 में आरसीबी के खिलाफ 13 छक्के और रसेल ने 2018 में सीएसके के खिलाफ 11 छक्के लगाए थे।
