बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खैरडीह गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, कार दल्लीराजहरा से राजनांदगांव की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार युवक देवरी की तरफ से डौंडीलोहारा की ओर आ रहे थे।
इसी दौरान खैरडीह गांव के पास दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान तरुण कुमार यादव (20), राहुल सेवता (20) और नरेंद्र भुआर्य (21) के रूप में हुई है। तीनों युवक अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांवों में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
