कुछ सेकंड और… हो सकता था बड़ा हादसा, चलती कार चकनाचूर, ड्राइवर बाल-बाल बचा, प्रशासन पर उठे सवाल

Follow Us

खैरागढ़। खैरागढ़-डोंगरगढ़ मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अमलीडीह खुर्द के पास चलती कार पर अचानक पेड़ की भारी डाल गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि, चालक सुरक्षित बच गया, वरना कुछ सेकंड की देरी जानलेवा साबित हो सकती थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए। जानकारी के मुताबिक, पटवारी दिव्यांश राजपूत अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से डोंगरगढ़ से खैरागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे पुराने टायरों से भरे ओवरलोड ट्रक ने सड़क किनारे झुकी हुई पेड़ की डाल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विशाल डाल पीछे चल रही कार पर आ गिरी।

हादसे में कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह टूट गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, अगर कार में पीछे कोई बैठा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क से पेड़ हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि, सड़क किनारे कई सूखे और झुके पेड़ लंबे समय से खतरा बने हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा। लोगों ने पूरे मार्ग का सुरक्षा ऑडिट कराने और खतरनाक पेड़ों की तत्काल छंटाई की मांग की है।