रायपुर। प्रदेश के राजधानी रायपुर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। आईपीएल मुकाबलों के बाद अब राजधानी का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी करने जा रहा है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम अक्टूबर में जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ यहां तीन टी-20 मुकाबले खेलेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार भारत और जिम्बाब्वे के बीच पहली बार द्विपक्षीय महिला सीरीज आयोजित होगी। इस सीरीज में कुल छह मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें रायपुर में तीन टी-20 और वडोदरा में तीन वनडे मैच शामिल हैं।

रायपुर में पहला टी-20 मुकाबला 16 अक्टूबर को, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। वहीं वनडे मुकाबले 23, 25 और 28 अक्टूबर को वडोदरा में होंगे। यह पहली बार होगा जब रायपुर में भारतीय महिला क्रिकेट टीम कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। इससे पहले यहां केवल पुरुष टीम के मुकाबले आयोजित हुए हैं। जिम्बाब्वे महिला टीम का यह पहला भारत दौरा भी माना जा रहा है। महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिहाज से इस सीरीज को बेहद अहम माना जा रहा है। क्रिकेट प्रशंसकों में अभी से इस ऐतिहासिक सीरीज को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।
